बुधवार, 24 जनवरी, 2007 को 11:08 GMT तक के समाचार
असम में अलगाववादी संगठन अल्फ़ा के संदिग्ध हथियारबंद दस्ते ने एक हफ़्ते के भीतर सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी के दूसरे स्थानीय नेता की हत्या कर दी है.
पुलिस का कहना है कि तीन सशस्त्र अलगाववादी कांग्रेस के नेता चंद्र चेतिया के घर में घुस गए और स्वचालित हथियारों से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी.
इस गोलीबारी में चेतिया मौके पर ही मारे गए. वे डिब्रूगढ़ ज़िले में स्थित तरानी सचानी ग्राम परिषद के प्रमुख थे.
यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम यानी अल्फ़ा ने कुछ दिनों पहले सत्तारुढ़ पार्टी के नेताओं को निशाना बनाने की धमकी दी थी.
अल्फ़ा का कहना है कि उसके ख़िलाफ़ जारी सैन्य अभियान ख़त्म होने तक इस तरह के हमले जारी रहेंगे.
मंगलवार को भी संदिग्ध अलगाववादियों ने दो बम विस्फोट किए जिनमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और नौ अन्य घायल हुए थे.
पुलिस ने विस्फोट के लिए अल्फ़ा को ज़िम्मेदार ठहराया है लेकिन अभी तक किसी संगठन ने इसकी ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
पिछले वर्ष सितंबर में अल्फ़ा और केंद्र सरकार के बीच शांति वार्ता टूटने के बाद से ही राज्य में हिंसा में तेज़ी आई है.
ये हिंसा इस वर्ष शुरू में तेज़ हुई जब 70 से अधिक हिंदीभाषी लोग इसकी चपेट में मारे गए.