http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 22 जनवरी, 2007 को 06:30 GMT तक के समाचार

मृतक के परिवार को मुआवज़ा मिलेगा

नेपाल में सत्ताधारी गठबंधन और माओवादियों ने वहाँ हुए प्रदर्शन में मारे गए एक बच्चे के परिवार को मुआवज़ा देने और मामले की जाँच करवाने की घोषणा की है.

नेपाल के दक्षिण पूर्वी इलाक़े में स्थित लेहान नगर में शुक्रवार को एक 16 वर्षीय बच्चे की हत्या कर दी गई थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हत्या करने वाले माओवादी थे. इसके बाद से प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में प्रदर्शन हो रहे हैं.

सोमवार को एक पुलिस थाने पर धावा बोलने की कोशिश कर रहे लोगों पर पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान एक व्यक्ति मारा गया और तीस घायल हो गए.

लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है. लेहान में हिंसक वारदात रोकने के लिए फिर से कर्फ़्यू लगा दिया गया है.

रविवार को भी क्षेत्र में कर्फ़्यू लगाया गया था लेकिन उसके बावजूद प्रदर्शन बंद नहीं हुए.

प्रदर्शनकारियों ने उस क्षेत्र में सरकारी और माओवादियों की इमारतों पर हमले किए और बसों और सरकारी वाहनों को आग लगाई है.

लेहान में दिन में लोगों ने 15 घंटे के कर्फ़्यू का उल्लंघन किया और प्रदर्शन जारी रखे.

इस बीच नेपाल में यातायात व्यवस्था भी लगभग ठप्प रही. यातायात से जुड़े
लोगों की शिकायत है कि प्रदर्शनों के दौरान बड़े पैमाने पर वाहनों की तोड़-फ़ोड़ की गई.