http://www.bbcchindi.com

मोहनलाल शर्मा
दिल्ली से

बलात्कार मामले पर राजनीति गरमाई

इलाहाबाद में एक मदरसे की दो लड़कियों के साथ बलात्कार की घटना को लेकर राज्य में राजनीति तेज़ हो गई है.

जहाँ एक ओर राज्य के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने पीड़ित लड़कियों को दो-दो लाख रूपए दिए जाने की घोषणा कर दी है वहीं बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती रविवार को इलाहाबाद पहुँची.

मायावती ने मदरसे की सुरक्षा के लिए पाँच लाख रूपए दिए जाने की घोषणा की. उन्होंने इस मौके पर राज्य सरकार को घेरते हुए इस पूरे प्रकरण की जाँच सीबीआई से कराने की माँग की.

उधर इस मामले की मेडिकल जाँच रिपोर्ट में यह साबित हो गया है कि इन लड़कियों के साथ बलात्कार किया गया था.

इस सिलसिले में कार्रवाई करते हुए करेली इलाके के थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है. पीड़ित लड़कियों की शिनाख़्त के आधार पर चार लोगों को जेल भेज दिया गया है.

इलाहाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीडी पॉलसन का कहना है कि लड़कियों की शिनाख़्त के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया और दो अन्य लोगों की खोज का काम जारी है.

जैसे-जैसे मामले ने राजनीतिक रंग लिया, इसे लेकर स्थानीय लोगों में रोष भी बढ़ा. स्थानीय लोगों ने करेली थाने का घेराव किया और कुछ जगहों पर विरोध-प्रदर्शन की भी सूचना मिली है.

आरोप है कि बुधवार को इलाहाबाद के करेली इलाके में स्थित एक मदरसे से कुछ लोगों ने अपने आप को सीआईडी का आदमी बताने वाले दो लड़कियों को अगवा कर लिया और फिर उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया.