शुक्रवार, 19 जनवरी, 2007 को 07:19 GMT तक के समाचार
आंध्रप्रदेश के महबूबनगर ज़िले में एक नाव दुर्घटना में कम से कम 60 लोगों के मारे जाने की आशंका है. राज्य की राजधानी हैदराबाद से लगभग 175 किलोमीटर दूर स्थित इस ज़िले में हुई दुर्घटना में केवल 18 लोग बच पाए हैं.
दुर्घटना गुरुवार दोपहर को हुई. हादसा तब हुआ जब कृष्णा नदी में इस नाव में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे.
गुरुवार को नदी से दस शव निकाले गए थे.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नाव में केवल 35 लोग सवार हो सकते थे लेकिन 80 से ज़्यादा लोग इस पर चढ़ गए.
ये लोग नदी के दूसरे छोर पर जाकर एक धार्मिक उत्सव में भाग लेना चाहते थे.
तीन नाव चालक इस हादसे में बच गए. उन्होंने पुलिस को बताया कि यात्रियों ने उन्हें मजबूर किया के वे नाव की क्षमता से अधिक लोगों को उसमें सवार होने दें.
एक वरिष्ठ प्रशासनिक ज़िला अधिकारी ऊषा रानी का कहना था कि सेना से पाँच गोताखोरों की सेवाएँ ली गई हैं जो लापता लोगों की खोज करेंगे.
इस काम के लिए सेना के हेलिकॉप्टर भी इस्तेमाल किए जाएँगे.