http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 18 जनवरी, 2007 को 04:41 GMT तक के समाचार

मुल्ला उमर पर दावा ग़लत: पाकिस्तान

पाकिस्तान ने तालेबान नेता मुल्ला उमर के पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में होने के तालेबान प्रवक्ता के दावे का खंडन किया है.

अफ़ग़ानिस्तान में गिरफ़्तार तालेबान के प्रवक्ता मोहम्मद हनीफ़ ने कहा था कि तालेबान के नेता मुल्ला उमर क्वेटा में पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के संरक्षण में हैं.

'मुल्ला उमर पाकिस्तान में छिपे हैं'

ग़ौरतलब है कि मुल्ला उमर अफ़ग़ानिस्तान पर अक्तूबर 2001 में अमरीकी नेतृत्व वाले विदेशी गठबंधन के हमले के बाद से ग़ायब हो गए थे और उसके बाद नहीं देखे गए हैं.

पाकिस्तान के गृह मंत्री ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

अफ़ग़ान सुरक्षाकर्मियों की मोहम्मद हनीफ़ से की गई पूछताछ की वीडियो फ़िल्म बनाई गई है.

महत्वपूर्ण है कि अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान के बीच इस विषय पर पहले भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा है.

अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ख़ुद पाकिस्तान पर इस तरह के आरोप पहले भी लगा चुके हैं.

मोहम्मद हनीफ़ से की गई पूछताछ के वीडियो में उन्हें ये कहते हुए दिखाया गया है कि पाकिस्तान की गुप्तचर सेवा के अध्यक्ष हामिद गुल ने अफ़ग़ान प्रसासन और नैटो सेनाओं के ख़िलाफ़ लड़ाई में तालेबान चरमपंथियों की मदद की थी.