http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 16 जनवरी, 2007 को 15:35 GMT तक के समाचार

फ़ैसल मोहम्मद अली
बीबीसी के मध्यप्रदेश संवाददाता

बारूदी सुरंग फटने से सात सुरक्षाकर्मी मरे

छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया है कि राज्य के बस्तर ज़िले में बारूदी सुरंग में हुए धमाके से कम से कम सात सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है.

मारे गए सात सुरक्षाकर्मियों में पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर और सीआरपीएफ़ का एक कमांडेंट भी शामिल हैं.

बारूदी सुंरग में यह धमाका मंगलवार की शाम क़रीब पाँच बजे हुआ जब पुलिस का एक दस्ता और अर्ध सैनिक बल के कुछ जवान झाराग्राम नाम की एक जगह पर जा रहे थे.

सुरक्षाकर्मियों के इस दस्ते में कुछ लोग मोटरसाइकिल पर सवार थे और कुछ लोग पैदल थे.

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आरके विज ने बीबीसी को बताया कि पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि ज़िले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से 23 किलोमीटर दूर झाराग्राम इलाके में कुछ शव पड़े हुए हैं.

इस सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी और अर्ध सैनिक बल के क़रीब 30 जवान वहाँ के लिए रवाना हुए थे.

उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि ग़लत सूचना देकर सुरक्षाकर्मियों को वहाँ बुलाया गया ताकि इस घटना को अंजाम दिया जा सके."

उन्होंने इस घटना के बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "पिछले कुछ दिनों में पुलिस ने इस इलाके में कुछ नक्सलियों का मारा है. पुलिस को इस क्षेत्र में सफलता मिली है. हो सकता है कि यह हमला इसी की प्रतिक्रिया के रूप में हो."

पिछले कुछ समय में हुआ यह एक बड़ा नक्सली हमला है.