http://www.bbcchindi.com

रविवार, 14 जनवरी, 2007 को 08:26 GMT तक के समाचार

सीमा विवाद पर सिंह-जियाबाओ के बीच चर्चा

भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने चीन के प्रधानमंत्री वेनजियाबाओ से मुलाक़ात की है.

बारहवें आसियान सम्मेलन के लिए फ़िलीपिन्स पहुँचे दोनों नेताओं के बीच सीमा विवाद सहित कई विषयों पर चर्चा हुई.

सीमा विवाद पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन और चीन के उपप्रधानमंत्री दाई बिंगुओ के बीच अगले हफ़्ते दिल्ली में होने वाली चर्चा से पहले इस मुलाक़ात को अहम माना जा रहा है.

भारत की ओर से कहा गया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत अप्रैल 2005 में हुए समझौते के अनुरुप ही आगे बढ़ेगी.

समाचार एजेंसियों ने भारतीय अधिकारियों के हवाले से कहा है कि दोनों देशों ने कहा है कि विशेष प्रतिनिधियों को अपनी चर्चा में सीमा विवाद को तेज़ी से सुलझाने की कोशिश करनी चाहिए.

उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ की दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों देशों ने तय किया था कि सीमा विवाद को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाना चाहिए और इस विवाद को दोनों देशों के संबंधों के बीच कोई रोड़ा नहीं बनने देना चाहिए.

समाचार एजेंसी यूएनआई के अनुसार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने कहा है कि दोनों देशों के बीच सीमा विवाद के विषय में काफ़ी बात हुई है.

उनका कहना था कि चीन मानता है कि विवाद इतिहास में खींची गई सीमाओं को लेकर है जबकि भारत कहता है कि इतिहास में कोई सीमा थी ही नहीं.

चीनी प्रधानमंत्री ने मनमोहन सिंह को वर्ष के अंत तक चीन आने का न्यौता दिया है जिसे भारतीय प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है.