शुक्रवार, 12 जनवरी, 2007 को 10:36 GMT तक के समाचार
पूर्व क्रिकेटर और भाजपा नेता नवजोत सिंह सिद्धू को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने ग़ैर इरादतन हत्या के मामले में राहत देते हुए ज़मानत दे दी है.
सिद्धू को चंडीगढ़ की एक निचली अदालत ने गुरुवार को पटियाला जेल भेजने का निर्देश दिया था जिसके बाद वो जेल चले गए थे.
नवजोत सिंह सिद्धू ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक अपील दायर की थी जिस पर विचार करते हुए दो जजों वाली पीठ ने ज़मानत के निर्देश जारी किए.
नवजोत सिंह सिद्धू चंडीगढ़ की इस अदालत में गुरुवार को आत्मसमर्पण करने पहुँचे थे.
उन पर 18 साल पहले एक व्यक्ति की ग़ैर इरादतन हत्या का आरोप था और इसके लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने उन्हें तीन साल की सज़ा सुनाई थी.
इसके अलावा उन्होंने एक और याचिका दायर करके सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया है कि अमृतसर से दोबारा चुनाव लड़ने तक उनकी सज़ा को स्थगित रखा जाए.
उल्लेखनीय है कि नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद थे और हाईकोर्ट के फ़ैसले के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था.
मामला
ग़ैरइरादतन हत्या का ये मामला 1988 का है. सिद्धू पर आरोप था कि उन्होंने गुरनाम सिंह नाम के एक व्यक्ति की पिटाई की जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
निचली अदालत ने सिद्धू को इस मामले में पहले बरी कर दिया था लेकिन 1999 में हाईकोर्ट में इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील की गई.
इसके बाद पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सिद्धू को इस मामले में दोषी ठहराया था.