शुक्रवार, 12 जनवरी, 2007 को 21:29 GMT तक के समाचार
भारत के पंजाब राज्य में पुलिस ने चार बच्चों की हत्या के मामले में एक युवक को गिरफ़्तार किया है.
कुछ ही दिन पहले मुक्तसर में चार बच्चों के शव मिलने के बाद राज्य में सनसनी फैल गई थी.
ये शव काँग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ की एक बंद पड़ी धान मिल से बरामद हुए थे.
मुक्तसर पुलिस प्रमुख जी नागेश्वर राव ने बीबीसी को बताया है कि मुकेश कुमार नाम के एक युवक को इस मामले में गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस का दावा है कि इस 24-वर्षीय युवक ने अपना जुर्म माना है. पुलिस के अनुसार उसने दो महीने पहले इन बच्चों के साथ यौन दुराचार कर उनकी हत्या कर दी.
ये व्यक्ति देहाड़ीदार मज़दूर है और मादक पदार्थों की बिक्री, चोरी और धोखाधड़ी के मामले में पहले भी तीन साल की जेल काट चुका है.
राव का कहना था कि संबंधित इलाक़े से अन्य संदिग्ध लोगों के साथ-साथ मुकेश को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया था. इस पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध मान लिया.
पुलिस का दावा है कि मुकेश ने इन चार बच्चों की हत्या से पहले एक अन्य लड़की की भी हत्या की थी और अब उस बच्ची का शव भी बरामद कर लिया गया है.
शव बरामद करते वक्त पुलिस ने बताया था कि इन बच्चों के हाथ और पाँव बंधे हुए थे और उनके शरीरों पर जलाए जाने के निशान भी थे.