http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 11 जनवरी, 2007 को 14:22 GMT तक के समाचार

सीबीआई को सौंप दिए गए अभियुक्त

दिल्ली से सटे औद्योगिक नगर नोएडा में बच्चों के अपहरण और हत्या के मामले के दोनों प्रमुख अभियुक्तों मोनिंदर सिंह और सुरेंद्र को नोएडा की एक अदालत ने केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) के हवाले कर दिया है.

नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने दोनों अभियुक्तों को नोएडा की अदालत में पेश किया जहाँ से सीबीआई ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया.

दिल्ली से सटे नोएडा के निठारी गाँव में एक घर के पीछे नाले से 17 बच्चों के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी. बाद में पता चला कि ये कंकाल निठारी गाँव से लापता हुई लड़कियों और बच्चों के थे.

बीबीसी संवाददाता श्याम सुंदर के अनुसार चूँकि इस पूरे मामले को बुधवार से सीबीआई ने संभाल लिया है इसलिए अब यह मामला भी अब सीबीआई अदालत में स्थानांतरित कर दिया जाएगा.

स्थानीय अदालत ने मोनिंदर सिंह और सुरेंद्र को 12 जनवरी तक पुलिस हिरासत में दिया था लेकिन हिरासत की अवधि ख़त्म होने से पहले ही मामला सीबीआई के पास चला गया.

जब नोएडा की अदालत ने दोनों अभियुक्तों को सीबीआई को सौंपा तो वहाँ सीबीआई अधिकारियों का एक दल मौजूद था.

जबकि सीबीआई अधिकारियों के एक और दल ने गुरुवार को दिन भर नोएडा के पुलिस अधिकारियों से कई बैठकें की हैं.

नोएडा पुलिस ने इस मामले में जो 19 रिपोर्ट दर्ज की थी उन्हें सीबीआई ने नए सिरे से दर्ज किया है और इससे संबंधित सारे दस्तावेज़ नोएडा पुलिस से हासिल कर लिए हैं.