गुरुवार, 11 जनवरी, 2007 को 12:08 GMT तक के समाचार
अभी निठारी का मामला गर्म ही है और उधर पंजाब में भी चार बच्चों के शवों ने और सनसनी फैला दी है.
पंजाब के मुक्तसर से मिली इन लाशों के बारे में पुलिस का कहना है कि आरंभिक जाँच से लगता है इन बच्चों को मारकर जलाने से पहले उनमें से कुछ के साथ यौन दुराचार किया गया था.
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इस मामले की जाँच करवाने के आदेश दिए हैं.
पंजाब पुलिस ने पिछले मंगलवार को काँग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद जगमीत सिंह बरार की एक बंद धान मिल से चार बच्चों के गलीं हुईं लाशें बरामद कीं थी.
हालांकि सांसद ने कहा कि यह मिल पाँच सालों से बंद पड़ी है और वे कई बरसों से वहाँ गए ही नहीं. उनका कहना है कि उनकी छवि ख़राब करने के लिए किसी ने यह षडयंत्र रचा है.
बाद में पुलिस ने इन बच्चों की पहचान के लिए डीएनए जाँच करवा रही है. वैसे आशंका जताई जा रही है कि ये बच्चे कुछ कचरा बीनने वालों के हो सकते हैं, जो अपने बच्चों के लापता होने की बात कह रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि इन बच्चों के हाथ और पाँव बंधे हुए थे और उनके शरीरों पर जलाए जाने के निशान भी नज़र आए.
ग़ौरतलब है कि हाल में उत्तर प्रदेश के नोएडा के पास निठारी गाँव से बच्चों के 17 कंकाल बरामद हुए थे जो पिछले दो वर्षों के दौरान लापता हुए बच्चों और महिलाओं के थे.
इस मामले की सीबीआई जाँच चल रही है.