गुरुवार, 11 जनवरी, 2007 को 01:46 GMT तक के समाचार
हॉलीवुड स्टार रिचर्ड गियर और बॉलीवुड अभिनेत्री बिपाशा बसु ने यौनकर्मियों से अपील की है कि वे अपने ग्राहकों पर कंडोम का इस्तेमाल करने का दबाव डालें.
फ़िल्म जगत की दोनों हस्तियाँ एड्स विरोधी अभियान के तहत मुंबई की यौनकर्मियों से रू-ब-रू हुए.
एड्स के ख़िलाफ़ विश्वव्यापी मुहिम का हिस्सा बने गियर ने इस जानलेवा बीमारी से बचने के लिए यौनकर्मियों को 'कंडोम नहीं तो सेक्स नहीं' का नारा दिया.
उन्होंने मुंबई और निकटवर्ती शहर थाणे से आए लगभग 15 हज़ार यौनकर्मियों से इस नारे को दोहराने का आह्वान किया.
गियर और बसु ने एचाईवी संक्रमण के बारे में जागरूकता फैलाने वालों को सम्मानित किया. इस अवसर पर बसु ने डांस के साथ गाने भी गाए.
गियर ने चार साल पहले 'हीरोज प्रोजेक्ट' की शुरुआत की थी जिसका मक़सद आम भारतीयों को एचआईवी से बचाव के बारे में शिक्षित करना है.
गियर ने इस मौके पर समचार एजेंसी एपी से कहा, "पहले यौनकर्मियों में एचआईवी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. अब स्थिति काफी बदल चुकी है. जब यौनकर्मी कंडोम को संबंध बनाने की बुनियादी ज़रूरत बताते हैं तो यह एक सशक्त बयान होता है."
संयुक्त राष्ट्र के आकलन के मुताबिक भारत में लगभग 57 लाख लोग एचआईवी से संक्रमित हैं जो किसी एक देश में सबसे बड़ी संख्या है.