बुधवार, 10 जनवरी, 2007 को 15:32 GMT तक के समाचार
दिल्ली से सटे औद्योगिक नगर नोएडा में बच्चों के अपहरण और हत्या की तफ़्तीश का काम बुधवार से केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) ने संभाल लिया है.
सीबीआई के प्रवक्ता जी मोहंती ने बीबीसी को बताया कि सीबीआई ने नोएडा पुलिस से एफ़आईआर सहित मामले से जुड़े सभी दस्तावेज़ मंगवाए हैं.
इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने निठारी का मामला सीबीआई को सौंपने की अधिसूचना जारी की थी और इसके बाद ही सीबीआई के लिए मामला संभालने का रास्ता साफ़ हुआ था.
वैसे बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने मामला सीबीआई को सौंपने की घोषणा एक हफ़्ते पहले ही कर दी थी.
उल्लेखनीय है कि दिल्ली से सटे नोएडा के निठारी गाँव में एक घर के पीछे नाले से 17 बच्चों के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी. बाद में पता चला कि ये कंकाल निठारी गाँव से लापता हुई लड़कियों और बच्चों के थे.
पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले सभी का यौन शोषण किया गया था.
नोएडा पुलिस मामले के मुख्य अभियुक्तों मोनिंदर सिंह पंधेर और सुरेंद्र सिंह को गिरफ़्तार कर लिया है.
हिरासत बढ़ी
इससे पहले बुधवार को नोएडा की एक अदालत ने निठारी कांड के अभियुक्तों मोनिंदर सिंह और सुरेंद्र कोली की पुलिस हिरासत 12 जनवरी तक के लिए बढ़ा दी थी.
अभियोजन पक्ष के वकील ने हिरासत बढ़ाने की दलील देते हुए कहा कि दोनों अभियुक्त गुजरात में विभिन्न तरह के मनोवैज्ञानिक परीक्षण किए जाने के चलते अदालत में पेश नहीं किए जा सके हैं.
मोनिंदर और सुरेंद्र को पुलिस इन परीक्षणों के लिए अहमदाबाद ले गई थी और उन्हें अदालत में पेशी के लिए आज वापस लाया जाना था.
पहले से ही माना जा रहा था कि पुलिस अभियुक्तों का रिमांड बढ़ाने की माँग अदालत के सामने रखेगी.
इसी बीच ज़िला बार एसोशिएसन ने इस अपराध को घोर अमानवीय बताते हुए उनका मुकद्दमा नहीं लड़ने का फैसला किया है.
इस निर्णय पर लोगों के बीच विवाद शुरु हो गया है जो मानते हैं कि दूसरे नागरिकों की तरह इन दो अभियुक्तों को भी अदालत के समक्ष अपना बचाव करने का अधिकार है.