http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 10 जनवरी, 2007 को 22:09 GMT तक के समाचार

ख़ुफ़िया सूचनाओं के बाद हवाईअड्डे सतर्क

भारत में सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को विमान अपहरण की संभावना के मद्देनज़र सतर्क कर दिया गया है.

ख़ुफ़िया एजेंसियों ने उड्डयन मंत्रालय को सूचना दी है कि चरमपंथी विमान अपहरण की कोशिश कर सकते हैं.

नागरिक उड्डयन मंत्रालय की प्रवक्ता ने बताया कि उड्डयन मंत्रालय सुरक्षा ब्यूरो को गुप्तचर एजेंसियों से चार दिन पहले ऐसी सूचना मिली थी कि कश्मीरी चरमपंथी विमान अपहरण की कोशिश कर सकते हैं.

प्रवक्ता का कहना था कि इस सूचना के बाद देश के सभी हवाई अड्डों को सतर्क कर दिया गया है.

अब हवाई अड्डों पर यात्रियों और उनके सामान की जाँच और कड़ी कर दी गई है.

ग़ौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में मुंबई बम धमाकों के बाद हवाई अड्डों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी.

इसके बाद नौ दिसंबर को ख़ुफ़िया एजेंसियों ने चेतावनी दी थी कि कश्मीरी चरमपंथी अमरीका जानेवाले किसी विमान के अपहरण की कोशिश कर सकते हैं.

ख़बरों के अनुसार शुक्रवार को बंगलौर में एक कश्मीरी चरमपंथी को गिरफ़्तार किया गया था और उससे ऐसी सूचना मिली थी.