सोमवार, 08 जनवरी, 2007 को 06:41 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार की सुबह फिर हिंसक घटनाएँ हुई हैं.
इसके बाद कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया गया है.
वहाँ रविवार से विपक्षी दलों का तीन दिनों का देशव्यापी रास्ता-रोको आंदोलन चल रहा है.
आंदोलन के पहले दिन पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पों में कई लोग घायल हुए थे.
सोमवार को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कई राउँड गोलियाँ चलानी पड़ी हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि हिंसा रविवार की तुलना में कम ही है.
इस बीच हज़ारों पुलिसकर्मी गश्त लगा रहे हैं और सेना उनकी सहायता कर रही है.
उल्लेखनीय है कि प्रमुख विपक्षी दल अवामी लीग के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने सड़क, रेलमार्ग और बंदरगाहों को बंद करने का आह्वान किया है. विपक्षी दल चुनाव टालने की मांग कर रहे हैं.
बांग्लादेश में 22 जनवरी को चुनाव होने हैं लेकिन विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव सुधारों के बिना ये चुनाव स्वतंत्र नहीं होंगे.
उन्होंने चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा पहले ही कर दी थी. हालाँकि बांग्लादेश के राष्ट्रपति इयाजुद्दीन अहमद का कहना है कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे.
विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव वर्ष 2000 की मतदाता सूची के आधार पर होना चाहिए न कि पिछले कुछ बरसों में बनी सूची के आधार पर.
लेकिन राष्ट्रपति अहमद ने कहा है कि संविधान के अनुसार 90 दिनों के भीतर चुनाव करवाना ज़रुरी है और इसलिए चुनाव समय पर ही होंगे.
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने अंतरिम प्रशासन को अक्तूबर में सत्ता सौंपी थी.