रविवार, 07 जनवरी, 2007 को 09:53 GMT तक के समाचार
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर ज़िले के नंदीग्राम इलाक़े में शनिवार रात हुई हिंसा में कम से कम दो लोगों के मारे जाने और आठ के घायल होने की ख़बर है.
इंडोनेशिया के सलीम ग्रुप के विशेष आर्थिक ज़ोन के लिए ज़मीन अधिग्रहण के मामले में बातचीत असफल हो जाने के 24 घंटे के भीतर दो गुटों में हुए हिंसक संघर्ष हुआ.
कोलकाता में पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) जोगेश चटर्जी ने बताया कि भारत मंडल नाम का एक आदमी कांगरा गाँव में और एक अन्य व्यक्ति नंदीग्राम में मारे गए.
क्षेत्र में तनाव की स्थिति को स्वीकार करते हुए ज़िलाधीश अनूप अग्रवाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस दल घटना स्थल पर पहुँचने की कोशिश कर रहा है.
बंद
कुछ संगठनों ने कथित सीपीएम समर्थकों के किसानों पर किए गए हमले के विरोध में नंदीग्राम में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है. इन किसानों की ज़मीनें औद्योगिक इकाई स्थापित करने के उद्देश्य से अधिग्रहित कर ली गई हैं.
पिछले बुधवार से ही नंदीग्राम में हिंसा की घटनाएँ हो रही हैं और पुलिस शांति बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रही थी.
ये संघर्ष तब हुआ जब शनिवार रात कुछ लोगों ने नंदीग्राम में घुसने का प्रयास किया और उन्हें स्थानीय लोगों ने रोक लिया.
शनिवार की शाम नंदीग्राम पुलिस स्टेशन के सामने सीपीआई ( एमएल) के समर्थकों को रिहा करने के लिए प्रदर्शन भी किया गया था जिन्हें पुलिस ने बुधवार को ग़िरफ्तार किया था.