रविवार, 07 जनवरी, 2007 को 18:52 GMT तक के समाचार
उत्तर भारत में इन दिनों शीत लहर चल रही है जिसके कारण कई लोगों की मौत हो गई है.
हिमालय से आने वाली सर्द हवाएँ क़हर बरपाने वाली साबित हो रही हैं और बेघर और फुटपाथ पर रहने वाले लोग उसका निशाना बन रहे हैं.
मौसम विभाग का कहना है कि शीत लहर अभी जारी रह सकती है.
इसके कारण हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कई इलाक़ों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया. यहाँ ठंड के कारण दो और लोगों की मौत हो गई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उत्तर प्रदेश से भी एक शख्स की मौत हुई है. राज्य में शीत लहर के कारण मरनेवालों की संख्या 41 हो गई है.
राजस्थान में शीत लहर के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और रबी की फसल को नुक़सान पहुँचा है.
राजस्थान में चुरू और माउंड आबू सबसे ठंडे रहे. यहाँ तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियम कम रिकॉर्ड किया गया. पिलानी में तापमान 0.2 डिग्री दर्ज किया गया.
हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप जारी हैं. वहाँ कई स्थानों पर शून्य से कम तापमान रिकॉर्ड दर्ज किया गया.
हिमाचल के किनौर और लाहौल-स्पीति ज़िलों में तापमान शून्य से छह डिग्री कम था.
पंजाब और हरियाणा भी शीत लहर की चपेट में हैं. चंडीगढ़ में शनिवार को तापमान शून्य डिग्री रहा और वहाँ न्यूनतम तापमान का 35 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ टूट गया.
राजधानी दिल्ली में भी शीत लहर का प्रकोप जारी है और यहाँ न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है.