रविवार, 07 जनवरी, 2007 को 02:56 GMT तक के समाचार
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में हुई व्यापक हिंसा के बाद केंद्रीय गृहराज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में एक दल रविवार को राज्य के दौरे पर रवाना हुआ है.
राज्य में पिछले 36 घंटों में हिंसक हमलों में कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई थी और इसके बाद शनिवार को केंद्र सरकार ने इस विशेष दल को वहाँ भेजने का निर्णय लिया था.
इन हमलों के पीछे अलगाववादी संगठन उल्फ़ा का हाथ माना जा रहा है.
भारत सरकार और उल्फ़ा विद्रोहियों के बीच चल रही वार्ता पिछले वर्ष सितंबर में रुक गई थी और इसके बाद सुरक्षाबलों ने फिर से उल्फ़ा विद्रोहियों के विरूद्ध कार्रवाई शुरू कर दी थी.
इसके बाद विद्रोहियों के हमलों में भी तेज़ी आ गई है.
दौरा
हिंसा की ताज़ा घटनाओं के बाद शनिवार को नई दिल्ली में गृह मंत्री शिवराज पाटिल की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई. इस बैठक में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया.
इस बैठक के बाद फ़ैसला किया गया कि राज्य की स्थिति का जायज़ा लेने के लिए केंद्रीय गृहराज्यमंत्री श्रीप्रकाश जयसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल असम जाए.
रविवार को गृहराज्यमंत्री जायसवाल, आतंरिक सुरक्षा मामलों के सचिव जीएस राजगोपालन और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी राज्य के दौरे पर रवाना हुए हैं.
संभावना है कि यह दल तिनसुकिया और डिब्रूगढ़ के दौरे पर जाएगा, जहाँ हिंसा की बड़ी घटनाएँ घटी हैं.
उधर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में असम सरकार से अपील की है कि वह राज्य में काम करने के लिए गए बिहार के मज़दूरों की जान-माल की रक्षा का बंदोबस्त करें.
हिंसा
बीबीसी संवाददाता सुबीर भौमिक ने गुवाहाटी से ख़बर दी है कि असम में पिछले 36 घंटों में हुए हिंसक हमलों में कम से कम 53 लोगों की मौत हुई है.
बीबीसी के साथ बातचीत में असम के पुलिस महानिदेशक आरएन माथुर ने बताया कि हिंसा में बाहर के राज्यों से आए हिंदी भाषी लोगों को निशाना बनाया गया है और मारे गए लोगों में से अधिकांश उत्तर भारत के रहनेवाले हैं.
उन्होंने बताया कि तिनसुकिया ज़िले में आठ जगह और डिब्रूगढ़ ज़िले में दो जगह हिंसा की ये घटनाएँ हुई हैं.
असम और पूर्वोत्तर भारत के कई प्रदेशों में हर वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से पहले विद्रोहियों की ओर से हिंसा तेज़ किए जाने का ख़तरा बना रहता है.
इसके अलावा अगले महीने असम में राष्ट्रीय खेलों का भी आयोजन होना है.