शनिवार, 06 जनवरी, 2007 को 13:40 GMT तक के समाचार
भारत में कांग्रेस की अध्यक्षा सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश को नोएडा में निठारी गाँव में सिलसिलेवार अपहरण और हत्याकांड के प्रभावित परिवारों से शनिवार को मुलाक़ात की और राज्य की मुलायम सिंह यादव सरकार पर राजनीतिक हमले किए.
सोनिया गाँधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क़ानून और व्यवस्था नहीं बची है.
ऐसे आरोप हैं कि नोएडा में एक व्यवसायी और उनके एक घरेलू नौकर ने हाल के समय में कई बच्चों और महिलाओं का अपहरण करके उनकी हत्या की है. इन दोनों लोगों को गिरफ़्तार भी किया जा चुका है.
निठारी गाँव में इस हत्याकांड के बारे में जानकारी सामने आने के बाद सोनिया गाँधी पहली ऐसी बड़ी राजनीतिक हस्ती हैं जिन्होंने वहाँ का दौरा किया है.
सोनिया गाँधी ने मुलायम सिंह यादव सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ख़ासतौर से कांग्रेस के दबाव के बाद ही उत्तर प्रदेश सरकार ने निठारी गाँव हत्याकाँड की जाँच सीबीआई से कराने का अदेश दिया नहीं तो मुलायम सिंह यादव ऐसा करने के लिए तैयार नहीं थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार सोनिया गाँधी ने कहा, "क़ानून और व्यवस्था का तो नाम ही नहीं बचा है. यहाँ पर आप ज़रा आकर देखिए, क्या हालत है. रोज़ कुछ ना कुछ हो रहा है."
सोनिया गाँधी ने पत्रकारों से कहा, "हमने शुरू में ही इस मामले की जाँच सीबीआई से कराने की माँग की थी लेकिन मुख्यमंत्री ने ऐसा करने से इनकार कर दिया... अब कांग्रेस के दबाव के बाद ऐसा किया गया है."
लेकिन उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की संभावना संबंध सवालों के जवाब में सोनिया गाँधी ने कुछ नहीं कहा.
ग़ौरतलब है कि सोनिया गाँधी केंद्र में सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन यानी यूपीएक की भी अध्यक्षा हैं.