http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 06 जनवरी, 2007 को 23:28 GMT तक के समाचार

शुरू हो रहा है प्रवासी भारतीय दिवस

भारत का पाँचवाँ प्रवासी भारतीय दिवस समारोह रविवार से राजधानी दिल्ली में शुरू हो रहा है. यह आयोजन अगले तीन दिनों तक यानी सात से नौ जनवरी तक चलेगा.

समारोह का आयोजन दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में किया गया है.

रविवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. नौ जनवरी को इसके समापन के अवसर पर भारत के राष्ट्रपति मौजूद रहेंगे.

सम्मेलन में बड़ी तादाद में विदेशों में रह रहे भारतीयों को लाने के लिए सरकार ने कई तरह की कोशिशें की हैं.

पिछले वर्ष का प्रवासी भारतीय दिवस हैदराबाद में आयोजित किया गया था.

हालांकि पिछली बार इस सम्मेलन में आने वाले प्रवासी भारतीयों की तादाद कुछ कम हो गई थी जो कि चिंता का विषय भी बन गया था.

प्रवासी भारतीय कार्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि तीन दिनों के इस आयोजन के दौरान उद्योग-व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला से जुड़े सवाल, विनिवेश, तकनीक, मीडिया जैसे कई विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं.

मंत्रालय ने कहा है कि इस आयोजन के माध्यम से दुनियाभर में फैले ढ़ाई करोड़ भारतीयों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

माना जा रहा है कि आयोजन के दौरान भारत सरकार के क़रीब डेढ़ दर्जन मंत्री और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होकर अप्रवासी भारतीयों को अपने यहाँ निवेश के लिए प्रेरित और आमंत्रित कर सकते हैं.