http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 06 जनवरी, 2007 को 12:12 GMT तक के समाचार

बांग्लादेश में बस में आग से 50 की मौत

बांग्लादेश में पुलिस ने आशंका जताई है कि देश के पूर्वी शहर कौमिला में शनिवार को सड़क दुर्घटना के बाद बस में आग लगने से लगभग 50 यात्रियों की मौत हो गई है.

एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि बस दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करके आगे निकलने की कोशिश में सड़क से नीचे पलट गई और उसमे आग लग गई.

जबकि, एक दूसरे पुलिस अधिकारी कमालुद्दीन ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि बस ढाका से 88 किलोमीटर पूर्व में स्थित कौमिला में ऑटो रिक्शा से टकरा गई जिससे उसका गैस सिलेंडर फट गया और तुरंत ही उसमें आग लग गई.

उनके अनुसार इस बस में लगभग 60 लोग सवार थे, जिनमें से छह लोग ही सुरक्षित बाहर निकल पाए है.

हालांकि एक स्थानीय टेलीविज़न चैनल ने ख़बर दी है कि बस में 50 से 70 यात्री सवार थे.

आशंका जताई जा रही है कि तकरीबन 50 लोगों की जलने से मौत हो गई है और कुछ यात्री बुरी तरह से घायल हैं.

पुलिस अधिकारी कमालुद्दीन के अनुसार सभी शव काफ़ी जली हुई अवस्था में हैं जिनकी पहचान में बहुत मुश्किल आ रही है.