http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 04 जनवरी, 2007 को 06:07 GMT तक के समाचार

मुठभेड़ में चार चरमपंथी मारे गए

भारत प्रशासित कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हरकत उल मुजाहिदीन के चार चरमपंथी मारे गए हैं. पुलिस इसे बड़ी कामयाबी बता रही है.

यह मुठभेड़ उधमपुर ज़िले में गुरुवार तड़के हुई.

रामबान के पुलिस प्रमुख बसंत कुमार रथ ने बीबीसी को बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सेना की मदद से बुधवार रात संदिग्ध चरमपंथियों की तलाश शुरू की थी.

इसी दौरान गोलीबारी शुरू हुई और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चारो चरमपंथी मारे गए. इनमें से एक हरकत उल मुजाहिदीन का वरिष्ठ कमांडर है.

पुलिस का कहना है कि चारों चरमपंथियों की पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई है.

पुलिस ने उनके क़ब्ज़े से हथियार और विस्फोटक बरामद किया है.

पुलिस अधिकारी बसंत कुमार रथ ने कहा कि यह सुरक्षा बलों के लिए बड़ी सफलता है.