मंगलवार, 02 जनवरी, 2007 को 13:07 GMT तक के समाचार
भारत की राजधानी दिल्ली में रविवार रात से जारी घने कोहरे की वजह से उड़ानों और रेल गाड़ियों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
अधिकारियों का कहना है कि कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और कई उड़ानों का रुख़ बदल दिया गया है.
हवाई अड्डा अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को रनवे पर केवल 1000 मीटर से आगे देखना संभव नहीं था जबकि उड़ान भरने के लिए कम से कम 1500 मीटर दूर तक दिखाई देना ज़रूरी है.
हज़ारों की संख्या में लोग दिल्ली हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर फँसे हुए हैं.
दिल्ली में मंगलवार को हल्की धूप निकली है लेकिन मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले कई दिनों तक धुंध रहेगी.
रविवार को धुंध के कारण दिल्ली हवाई अड्डा स्थानीय समयानुसार रात साढ़े बारह बजे बंद कर दिया गया था.
कोहरे की वजह से सड़कों पर वाहनों का चलना कठिन हो गया है.
सर्दी के मौसम में धुंध के कारण दिल्ली में लगभग हर वर्ष उड़ानों और रेलगाड़ियों के आवागमन पर असर पड़ता है.
पूरा उत्तर भारत इस समय कोहरे और सर्दी की चपेट में है.