बुधवार, 27 दिसंबर, 2006 को 20:14 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र ने अफ़ग़ानिस्तान से लगने वाली सीमा पर बारूदी सुरंग बिछाने और बाड़ लगाने के पाकिस्तानी प्रस्ताव की आलोचना की है.
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि ऐसा करने से इलाक़े में आम लोगों की जान पर जोखिम और बढ़ जाएगा.
संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी रिचर्ड बेनेट ने कहा कि वैसे भी मानवाधिकार संगठन दुनिया भर में कहीं भी बारूदी सुरंग बिछाने का विरोध करते हैं.
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने मंगलवार को यह कहा था कि पाकिस्तान से अफ़ग़ानिस्तान में जा कर लड़ने वाले विद्रोहियों को रोकने में बारूदी सुरंग और बाड़बंदी मददगार साबित होगी.
उधर अफ़ग़ानिस्तान सरकार भी इस प्रस्ताव के पक्ष में नहीं है. उसका कहना है कि इस क़दम से चरमपंथी हिंसा पर काबू नहीं पाया जा सकता.
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान में गृह युद्ध के दौरान काफ़ी संख्या में बारूदी सुरंग बिछाए गए थे जिसका ख़ामियाजा अभी भी लोगों को भुगतना पड़ रह है.
तनाव
पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज़ हुए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई का आरोप है कि पाकिस्तान में तालेबान लड़ाके प्रशिक्षण पा रहे हैं और उन्हें सीमा पार शह दिया जा रहा है.
उन्होंने यहाँ तक आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सरकार अफ़ग़ान लोगों को 'दास' बनाना चाहती है.
दूसरी ओर पाकिस्तान इन आरोपों को अस्वीकार करता रहा है.