http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 27 दिसंबर, 2006 को 08:48 GMT तक के समाचार

नेपाल में डॉक्टरों की देशव्यापी हड़ताल

पिछले कुछ दिनों से अपने ऊपर हो रहे हमलों के विरोध में नेपाल के चिकित्सकों ने तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है.

इस देशव्यापी हड़ताल के चलते नेपाल में स्वास्थ्य सेवाएँ प्रभावित हुई हैं.

हालांकि हड़ताल के दौरान भी मरीजों को अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं.

डॉक्टरों की यह हड़ताल पिछले दिनों उनके ऊपर आम लोगों की ओर से किए गए हमले के विरोध में है.

कुछ उग्र लोगों ने सोमवार को डॉक्टरों की इसलिए पिटाई कर दी थी क्योंकि अस्पताल में एक बच्चे की मौत हो गई थी. लोग बच्चे की मौत के लिए डॉक्टरों की लापरवाही को ज़िम्मेदार ठहरा रहे थे.

हालांकि डॉक्टर इस आरोप को बेबुनियाद बताते हैं. अपने ऊपर हुए इस हमले के विरोध में नेपाल मेडिकल एसोसिएशन की ओर से देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है.

एसोसिएशन की ओर से माँग की गई है कि दोषी लोगों को सज़ा दी जाए और डॉक्टरों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए.

उधर देश के स्वास्थ्य मंत्री अमिक शेरचन ने डॉक्टरों से हड़ताल वापस ले लेने की अपील की है.

ग़ौरतलब है कि हाल के कुछ महीनों में डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं और उनपर हमले भी होते रहे हैं.