http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 27 दिसंबर, 2006 को 12:00 GMT तक के समाचार

कश्मीर में हत्या के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

भारत प्रशासित कश्मीर में हज़ारों लोगों ने एक टैक्सी ड्राइवर की हत्या के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है.

मंगलवार की रात पुलवामा ज़िले में मुख़्तार अहमद और एक भारतीय सैनिक की तब मौत हो गई थी जब उसकी टैक्सी पर चरमपंथियों ने हमला किया था.

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि तमाम ख़तरों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने मुख्तार अहमद को गाड़ी चलाने के लिए दबाव डाला था.

इस क्षेत्र में भारतीय सैनिकों द्वारा गाड़ी चलाने के लिए ड्राइवरों को मजबूर करने की शिकायतें आम हैं.

मुख्तार अहमद और भारतीय सैनिक की मौत शोपियान शहर में हुई.

सेना के सूत्रों का कहना है कि यह घटना तब घटी जब भारतीय सैनिक एक अभियान के बाद उस टैक्सी में सवार होकर लौट रहे थे. सैनिकों ने उस टैक्सी को किराये पर लिया था.

1989 से भारतीय प्रशासित कश्मीर में चल रहे अलगावादी आंदोलन में अब तक लगभग साठ हज़ार लोगों की जानें जा चुकी हैं.

वर्ष 2004 में भारत और पाकिस्तान के बीच शांति के प्रयास शुरू किए जाने के बाद से हिंसा में एक हद तक कमी आई है.