http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 26 दिसंबर, 2006 को 11:21 GMT तक के समाचार

नेपालगंज में कर्फ़्यू लगाया गया

नेपाल मे अधिकारियों ने नेपालगंज कस्बे में जातीय हिंसा की आशंका के चलते कर्फ़्यू लगा दिया है.

नेपालगंज भारत की सीमा के करीब बसा कस्बा है.

एक नोटिस में स्थानीय प्रशासक ने कहा है कि कर्फ़्यू लगाने का मकसद सांप्रदायिक हिंसा रोकना और क़ानून व्यवस्था बनाए रखना है.

दरअसल सोमवार को एक हड़ताल के दौरान उत्तरी पहाड़ियों के लोगों और दक्षिण के पठारी इलाक़ों के लोगों में झड़प हो गई थी. उसी के बाद कर्फ़्यू लगाया गया.

इस दौरान कोई घायल तो नहीं हुआ लेकिन कई घरों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुँचा.

नेपाल सदभावना पार्टी नाम की एक क्षेत्रीय पार्टी ने इस हड़ताल का आह्ववान किया था. हड़ताल का मकसद हाल के अंतरिम संविधान का विरोध करना था.

पहाड़ी इलाक़े को लोगों का कहना है कि उनके घरों और वाहनों पर हमला किया गया.