रविवार, 24 दिसंबर, 2006 को 18:35 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में सूबा सरहद में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक अंत्येष्टि के दौरान लोगों पर गोलियाँ चलाई हैं. चार लोग मारे गए हैं और कम से कम आठ अन्य घायल हो गए हैं.
सूबा सरहद के डेरा इस्माइल ख़ान नगर में एक सुन्नी मुसलमान की अंत्येष्टि के दौरान ये घटना हुई है.
महत्वपूर्ण है कि ये हमला इसी नगर में विश्वविद्यालय के एक शिया प्रोफ़ेसर
की शनिवार को गोली मारकर की गई हत्या के बाद हुआ है.
उस घटना के बाद शियाओं ने प्रदर्शन किए थे और कई दुकानों को आग लगा दी थी जबकि सड़कों पर यातायात में बाधा डालने के लिए टायर जलाए गए थे.
एक पुलिस अधिकारी ने रॉएटर्स एजेंसी को बताया कि लोग शिया प्रोफ़ेसर की अंत्येष्टि के बाद वापस आ रहे थे जब बंदूकधारियों ने पास में चल रही एक सुन्नी मुसलमान की अत्येष्टि के दौरान लोगों पर गोलियाँ चलाईं.
समाचार एजेंसियों के अनुसार किसी भी गुट ने इस घटना की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
डेरा इस्माइल ख़ान में शिया और सुन्नी समुदायों के बीच हिंसा भड़कने का पुराना इतिहास है.