http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 23 दिसंबर, 2006 को 23:44 GMT तक के समाचार

झड़प में सेना के कर्नल, चरमपंथी की मौत

भारत प्रशासित कश्मीर में सेना के एक अधिकारी और कम से कम एक चरमपंथी की एक मुठभेड़ में मृत्यु हो गई है. इससे पहले नवंबर में भी सेना के एक मेजर ऐसी ही झड़प में मारे गए थे.

समाचार एजेंसियों के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर के बारामुला ज़िले में सेना ने एक गाँव में चरमपंथियों के एक ठिकाने को शनिवार को घेर लिया.

बताया जा रहा था कि उस जगह दो तथा-कथित चरमपंथी कमांडरों के अलावा तीन अन्य चरमपंथी भी मौजूद थे और घेरबंदी के तत्काल बाद दोनो ओर से गोलीबारी शुरु हो गई.

समाचार एजेंसियों के अनुसार इस दौरान एक गोली सेना के एक कर्नल को जा लगी और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया.

बीबीसी संवाददाता के अनुसार इस घटना के बाद भी दोनो ओर से गोलीबारी चलती रही और जिस घर को घेरा गया था वह क्षतिग्रस्त हुआ.

उनके अनुसार अल-मनसूरन चरमपंथी गुट ने दावा किया है कि उसके सदस्य इस गोलीबारी में शामिल थे.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इसके अलावा पुलिस के अनुसार कुपवाड़ा में शनिवार को ही दस चरमपंथियों ने भारतीय सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया था.