शनिवार, 23 दिसंबर, 2006 को 08:20 GMT तक के समाचार
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश केजी बालाकृष्णन भारत के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे. वो इस पद पर पहुँचने वाले पहले दलित व्यक्ति हैं.
समाचार एजेंसियों के अनुसार राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने न्यायमूर्ति बालाकृष्णन की नियुक्ति को अपनी मंजूरी दे दी है.
वो न्यायमूर्ति वाईके सब्बरवाल का स्थान लेंगे जो अगले वर्ष 14 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं.
माना जा रहा है कि विधि मंत्रालय अगले कुछ दिनों में न्यायमूर्ति बालाकृष्णन की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर देगा.
8 जून, 2000 को सुप्रीम कोर्ट के जज बनने वाले न्यायमूर्ति बालाकृष्णन देश के 37वें मुख्य न्यायाधीश होंगे. वो 12 मई, 2010 को सेवानिवृत्त होंगे.
12 मई, 1945 को केरल के कोट्टायम ज़िले के एक गाँव में जन्मे न्यायमूर्ति बालाकृष्णन ने एर्नाकुलम के महाराजा लॉ कॉलेज से क़ानून की शिक्षा ली.
उसके बाद उन्होंने एर्नाकुलम में ही वकालत शुरू कर दी. बाद में वो केरल हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त किए गए.
सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त किए जाने से पहले न्यायमूर्ति बालाकृष्णन गुजरात और मद्रास हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी रह चुके हैं.