मंगलवार, 19 दिसंबर, 2006 को 12:27 GMT तक के समाचार
पाला बदलकर सरकार का साथ दे रहे पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के पूर्व विद्रोही नेता बंगन बुगटी एक बम विस्फोट में मारे गए हैं.
डेरा बुगटी इलाके में हुए इस विस्फोट में बुगटी मारे गए, जबकि चार अन्य ज़ख्मी हो गए.
अधिकारियों के मुताबिक बुगटी क्वेटा जा रहे थे तभी उनकी कार विस्फोट की चपेट में आ गई.
हालाँकि अभी साफ नहीं हो सका है कि विस्फोट की वजह बारूदी सुरंग थी या कुछ और.
विश्वासघात
चरमपंथी गुट बलूच लिबरेशन आर्मी के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि बुगटी पर हमला उन्होंने किया है और धमकी दी है कि ‘बलूचिस्तान के साथ विश्वासघात' करने वालों का यही हश्र होगा.
कमांडर बंगन के नाम से मशहूर बंगन बुगटी इस साल जून में समर्पण करने और पाला बदलकर सरकार के समर्थन में खड़े होने से पहले कथित तौर पर डेरा बुगटी में कबायली चरमपंथियों के लिए शिविर चला रहे थे.
बंगन बुगटी बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री नवाब अकबर बुगटी के अंगरक्षकों में शामिल थे. अकबर बुगटी इस साल अगस्त में चलाए गए पाकिस्तानी सेना के एक बड़े अभियान में मारे गए थे.
बंगन बुगटी के समर्पण के बाद ख़बरें थी कि उन्होंने सुई और डेरा बुगटी इलाके में अकबर बुगटी को ढूंढने के लिए चलाए गए सेना के तलाशी अभियान में हिस्सा लिया था.