http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 18 दिसंबर, 2006 को 09:30 GMT तक के समाचार

जेसिका हत्याकांड में मनु शर्मा दोषी करार

दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को चर्चित मॉडल जेसिका लाल हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त मनु शर्मा को दोषी करार दिया है.

इसके अलावा विकास यादव और अमनदीप गिल भी इस हत्याकांड में दोषी पाए गए हैं.

अदालत ने इस मामले में अपना फैसला सुनाते हुए कहा है कि दोषियों की सज़ा पर इसी बुधवार यानी 20 दिसंबर को बहस शुरू होगी.

मनु शर्मा हरियाणा के पूर्व मंत्री विनोद शर्मा के बेटे हैं. वहीं विकास यादव पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद डीपी यादव के बेटे हैं.

इसके पहले लगभग सात वर्ष लंबी सुनवाई के बाद सभी नौ अभियुक्त बरी कर दिए गए थे जिस पर लोगों ने भारी विरोध व्यक्त किया था. इसके बाद पुलिस ने अभियुक्तों के बरी किए जाने के फ़ैसले को चुनौती दी थी.

जेसिका लाल की हत्या के मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा सहित नौ लोगों को अभियुक्त बनाया गया था. इस मामले के तूल पकड़ने के कारण विनोद शर्मा को हरियाणा मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

इस फ़ैसले को चुनौती देने के बाद मनु शर्मा के बचाव में जानेवाले वकील राम जेठमलानी उतर पड़े हैं.

मामला

जेसिका लाल की जुलाई, 1999 में दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

जेसिका लाल बीना रमानी के दिल्ली स्थित रेस्टोरेंट में काम करती थीं.

आरोप है कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी जबकि उनके अन्य दोस्तों ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी.

आरोप में कहा गया था कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि जेसिका ने मनु के कहने पर भी उसे शराब परोसने से मना कर दिया था.

मनु शर्मा के अलावा इस मामले में आठ और लोगों पर भी आरोप लगाया गया है जिनमें से एक विकास यादव बाहुबली नेता डीपी यादव के पुत्र हैं.