http://www.bbcchindi.com

रविवार, 17 दिसंबर, 2006 को 08:06 GMT तक के समाचार

शादी के पंडाल में आग, 20 से ज़्यादा मरे

पूर्वी पाकिस्तान में एक शादी के पंडाल में लगी आग और उसके बाद मची भगदड़ के कारण 20 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

मुलतान से लगभग 120 किलोमीटर दूर झोक उत्तरा में हुए इस हादसे में 30 से ज़्यादा लोग घायल भी हुए हैं और इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर है.

मृतकों में कई महिलाएँ और बच्चे हैं.

भीषण आग ने दुल्हन को भी नहीं बख़्शा और उसकी भी इस घटना में मृत्यु हो गई.

कई लोगों की मौत तब हुई जब आग लगने के बाद एक दीवार गिर गई और जान बचाकर भागते लोगों पर इसका मलबा गिर गया.

बताया जा रहा है कि आग एक शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी.

जब आग लगी तब शादी के लिए लगाए गए पंडाल में लगभग सौ महिलाएँ और बच्चे थे.

पुरुष एक दूसरे पंडाल में थे जिसे कोई क्षति नहीं पहुँची है.