http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 18 दिसंबर, 2006 को 00:22 GMT तक के समाचार

जेसिका मामले में हाईकोर्ट का फ़ैसला

मशहूर मॉडल जेसिका लाल की हत्या के मामले में सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट फ़ैसला सुना सकता है.

इसके पहले लगभग सात वर्ष लंबी सुनवाई के बाद सभी नौ अभियुक्त बरी कर दिए गए थे जिस पर लोगों ने भारी विरोध व्यक्त किया था.

इसके बाद पुलिस ने बरी किए जाने के फ़ैसले को चुनौती दी थी.

जेसिका लाल की हत्या के मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा सहित नौ लोगों को अभियुक्त बनाया गया है.

इस मामले के कारण विनोद शर्मा को हरियाणा मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा देना पड़ा था.

इस फ़ैसले को चुनौती देने के बाद मनु शर्मा के बचाव में जानेवाले वकील राम जेठमलानी उतर पड़े हैं.

मामला

जेसिका लाल की जुलाई, 1999 में दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

जेसिका लाल बीना रमानी के दिल्ली स्थित रेस्टोरेंट में काम करती थीं.

आरोप है कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी जबकि उनके अन्य दोस्तों ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी.

आरोप में कहा गया था कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि जेसिका ने मनु के कहने पर भी उसे शराब परोसने से मना कर दिया था.

मनु शर्मा के अलावा इस मामले में आठ और लोगों पर भी आरोप लगाया गया है जिनमें से एक विकास यादव बाहुबली नेता डीपी यादव के पुत्र हैं.