http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 09 दिसंबर, 2006 को 17:51 GMT तक के समाचार

30 सैनिकों के मारे जाने का दावा

तमिल विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने उत्तरी-पूर्वी श्रीलंका में हुए संघर्ष में कम से कम 30 सैनिकों को मार दिया है.

उनका कहना है कि सैनिकों ने दो कैंपों में 15 नागरिकों को मार दिया है.

सरकार की ओर से इन दोनों ही दावों का खंडन किया गया है और कहा गया है कि सिर्फ़ दो जवान मारे गए हैं और 30 घायल हुए हैं.

विद्रोहियों के दावे की स्वतंत्र रुप से पुष्टि नहीं की जा सकी है.

हिंसा की यह ताज़ा घटना सेना के दावे के दो दिन बाद घटी है, जिसमें सेना ने कहा था कि विद्रोहियों ने एक स्कूल और एक मकान पर गोला दागा और इन दो अलग-अलग घटनाओं में एक दस साल के बच्चे सहित तीन नागरिकों की मौत हो गई.

उधर रेडक्रॉस ने कहा है कि इस ताज़ा संघर्ष के कारण एक हज़ार से ज़्यादा लोगों को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा है.

संस्था का कहना है कि अप्रेल से भड़की हिंसा के बाद से अब तक दो लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं.

इस हिंसा में पिछले महीने शांतिवार्ता विफल होने के बाद से तेज़ी आई है. इस शांति वार्ता के विफल हो जाने से 2002 से चले आ रहे संघर्ष विराम को फिर लागू करने की संभावना भी ख़त्म हो गई थी.