शनिवार, 09 दिसंबर, 2006 को 06:14 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान ने सफलतापूर्वक कम दूरी तक मार करनेवाली ग़ज़नी श्रेणी की हत्फ़-3 मिसाइल का परीक्षण किया है.
इस मिसाइल की मारक क्षमता 290 किलोमीटर है और ये मिसाइल परमाणु अस्त्र ले जाने में भी सक्षम है.
पिछले कुछ सप्ताह में पाकिस्तान कई मिसाइल परीक्षण किए हैं और यह ऐसा ही तीसरा परीक्षण है.
भारत की ओर से फ़िलहाल इस परीक्षण पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
पाकिस्तान ने 1980 के दशक में हत्फ़-1 और हत्फ़-2 का विकास किया और इसी के साथ पाकिस्तान का ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाला मिसाइल कार्यक्रम शुरू हुआ था.
हत्फ़-1 और हत्फ़-2 की मारक दूरी 80 किमी, हत्फ़-3 की 300 किमी और हत्फ़-4 की मारक क्षमता 400 किमी तक है.
जबकि पाकिस्तान की शाहीन श्रेणी की मिसाइलों में शाहीन-1 की मारक क्षमता 1000-1500 किमी है और शाहीन-2 दो हज़ार किलोमीटर तक मार कर सकती है.
ग़ौरतलब है कि भारत ने हाल में पिछले सप्ताह पृथ्वी मिसाइल से मिसाइल को टकराने का सफल परीक्षण किया गया था.