गुरुवार, 07 दिसंबर, 2006 को 17:28 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशरर्फ़ ने बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा के विकास के लिए एक अरब रुपए की विकास योजना की घोषणा की है.
वरिष्ठ नेता नवाब अकबर बुगटी की अगस्त में हत्या के बाद पाकिस्तानी राष्ट्रपति का यह पहला बलूचिस्तान का दौरा था.
परवेज़ मुशरर्फ़ गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बलूचिस्तान की राष्ट्रवादी पार्टियों के विरोध के बीच यहाँ पहुँचे.
उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बलूचिस्तान को देश के दूसरे राज्यों जैसा विकसित बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके विकास में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा.
परवेज़ मुशरर्फ़ ने बलूचिस्तान में एक मिलिट्री कॉलेज और स्नातकोत्तर लोगों को नौकरी देने की घोषणा भी की.
इससे पहले बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (मेंगल) और नेशनल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुशरर्फ़ के क्वेटा दौरे के विरोध में प्रदर्शन किया.
इधर नेशनल पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भूख हड़ताल की. बाद में पुलिस ने साठ राजनीतिक कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया.
राज्य के दूसरे क्षेत्रों में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार करने की ख़बरें मिली हैं.