मंगलवार, 05 दिसंबर, 2006 को 21:49 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश के सुप्रीम कोर्ट के जज अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल गए हैं. उन्होंने ऐसा मुख्य न्यायाधीश के दफ़्तर पर हुए हमले के ख़िलाफ़ विरोध दर्ज कराने के लिए किया है.
पर्यवेक्षक इसे एक अभूतपूर्व क़दम बता रहे हैं.
हड़ताल पर गए न्यायाधीशों ने एक बयान में कहा है कि वे तब तक कोर्ट में नहीं आएँगे जब तक उस घटना के लिए ज़िम्मेदार वकील माफ़ी नहीं माँगते.
चार दिन पहले मुख्य न्यायाधीश सईद मुद्दसिर होसैन के दफ़्तर और कोर्ट पर हमला किया गया था और उसे क्षति पहुँची थी.
ग़ौरतलब है कि एटॉर्नी जनरल के दफ़्तर पर भी हमला हुआ था और एक पूर्व मंत्री की कार को आग लगा दी गई थी.
ढाका स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि वकीलों का गुस्सा राष्ट्रपति के अंतरिम सरकार के अध्यक्ष बनने के अधिकार को चुनौती देने वाली एक याचिका से संबंधित था.
उस मामले में मुख्य न्यायाधीश ने सुनवाई स्थगित करने का फ़ैसला किया था.