http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 05 दिसंबर, 2006 को 03:17 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ान पुलिस की क्षमता पर उठे सवाल

अमरीकी विदेश मंत्रालय और पेंटागन की रिपोर्ट के मुताबिक अफ़ग़ानिस्तान पुलिस क़ानून और व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम नहीं है.

इसके लिए भ्रष्टाचार, अशिक्षा, कम वेतन, ख़राब उपकरण, चरमपंथी हिंसा और एक अरब डॉलर की लगात से शुरू किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम की विफ़लता को ज़िम्मेदार ठहराया गया है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान को लंबी अवधि के लिए सहायता और सालाना 60 करोड़ डॉलर दिए जाने की ज़रूरत है.

अफ़ग़ानिस्तान सरकार का कहना है कि उसने इस रिपोर्ट का अध्ययन नहीं किया है.

पुलिस सुधार

अमरीकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक यह रिपोर्ट अमरीकी कांग्रेस की समिति को सौंप दी गई है.

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक अमरीकी विदेश मंत्रालय और पेंटागन के प्रवक्ता ने ने इस रिपोर्ट के बारे में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

काबुल स्थित बीबीसी संवाददाता मार्क डमेट का कहना है कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास लगातार कम हो रहा है.

उनका कहना है कि अमरीका के लिए अफ़ग़ान पुलिस प्रणाली में सुधार करना मुख्य प्राथमिकता हो गई है.

अफ़ग़ानिस्तान में तैनात एक वरिष्ठ अमरीकी सैनिक कमांडर का कहना है कि दस अच्छे पुलिसकर्मी 100 भ्रष्ट पुलिसकर्मियों से बेहतर हैं लेकिन दस भ्रष्ट पुलिस वाले एक तालेबान लड़ाके से ज़्यादा नुकसान पहुँचा सकते हैं.