रविवार, 03 दिसंबर, 2006 को 02:45 GMT तक के समाचार
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में सुरक्षा बलों ने भूटान के साथ लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा को 'सील' कर दिया है यानि सीमापार बिना रोकटोक आवाजाही नहीं हो सकती.
यह क़दम भूटान के शहर फुंतशोलिंग में हुए एक बम विस्फ़ोट के बाद उठाया गया है.
भूटान के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक बाज़ार में हुए इस विस्फ़ोट में चार लोग घायल हो गए जिनमें तीन भारतीय थे.
तीनों घायल भारतीयों को असम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पर्यवेक्षकों का कहना है कि भूटान में कोई स्थानीय चरमपंथी संगठन नहीं है लेकिन पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय कई चरमपंथी गुटों का पहले वहाँ ठिकाना रह चुका है.
असम पुलिस को आशंका है कि विद्रोही संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ असम यानी अल्फ़ा ने एक बार फ़िर भूटान में पाँव पसार लिया है. हालाँकि भूटान के अधिकारी इसका खंडन करते हैं.
भारतीयों को भूटान में जाने की छूट है लेकिन वहाँ जाने वाले विदेशी लोगों की संख्या बेहद कम रहती है.