शनिवार, 02 दिसंबर, 2006 को 12:56 GMT तक के समाचार
सलमान रावी
रांची से
झारखंड के बोकारो ज़िले में एक बारुदी सुरंग में हुए विस्फोट से कम से कम 14 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है और तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
यह जानकारी इस क्षेत्र के डीआईजी अनिल पाल्टा ने बीबीसी को दी.
ज़िले के पुलिस अधीक्षक एमएस भाटिया ने बीबीसी को बताया कि यह दुर्घटना बोकारो थर्मल पावर प्लांट के पास नया बस्ती नाम की जगह पर हुई.
मारे गए सभी पुलिसकर्मी झारखंड पुलिस के विशेष कार्यदल के जवान थे जो कि नियमित गश्त पर थे.
यह विस्फोट दोपहर क़रीब तीन बजे हुआ. पुलिस का जो वाहन इस विस्फोट की चपेट में आया है उसपर विशेष कार्यदल के 16 जवान सवार थे.
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि इस धमाके के पीछे माओवादियों का हाथ है.
भीषण विस्फोट
विस्फोट इतना भीषण था कि 14 जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
घायलों को पास के गोमिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ग़ौरतलब है कि इससे पहले भी दो बार नक्सली चरमपंथियों ने पिछले महीने सीआरपीएफ़ के जवानों के काफ़िले पर हमले की कोशिश की थी.
हालांकि उनकी पिछली कोशिशें नाकाम रहीं पर इस तीसरे हमले में वो अपने प्रयासों में कामयाब हो गए और इतनी बड़ी दुर्घटना घट गई.