http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 01 दिसंबर, 2006 को 16:07 GMT तक के समाचार

कर्नल ने ख़ुद को गोली मारी

भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ख़ुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है.

यह अधिकारी कर्नल रैंक का है जिसकी आत्महत्या के कारणों का पता अभी नहीं लग सका है.

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भारतीय सेना के एक कर्नल पंकज झा ने उधमपुर ज़िले के एक भीतरी पहाड़ी इलाके में आत्महत्या कर ली.

पिछले कुछ महीनों में यह पहली घटना है जिसमें सेना के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने इस तरह से जान दी हो.

ग़ौरतलब है कि पिछले महीने ही श्रीनगर में एक समारोह में बोलते हुए भारतीय सेना प्रमुख जेजे सिंह ने कहा था कि हर साल औसतन 100 भारतीय सैनिक आत्महत्या कर रहे हैं.

उन्होंने यह भी कहा था कि आत्महत्या के ऐसे मामले चरमपंथियों से प्रभावित क्षेत्रों में ज़्यादा देखने को मिल रहे हैं.

चिंता

पिछले कुछ महीनों में राज्य में सेना के लोगों में आत्महत्या के मामले में तेज़ी देखने को मिली है.

इससे पहले ऐसी चार घटनाओं में नौ सैनिकों ने या तो ख़ुद को जान से मार दिया है या फिर अपने साथियों की हत्या कर दी है.

इन आत्महत्याओँ के लिए जो एक कारण बताया जा रहा है उसके मुताबिक लंबे समय तक कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में काम करने के कारण भी ऐसी घटनाएँ हो सकती हैं.

सैनिकों को छुट्टी न मिलना, व्यक्तिगत या घरेलू कारणों से भी इस तरह की घटनाएँ हो सकती हैं.