http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 30 नवंबर, 2006 को 21:54 GMT तक के समाचार

शिबू सोरेन को सज़ा सुनाई जाएगी

दिल्ली की एक अदालत पूर्व केंद्रीय कोयला मंत्री शिबू सोरेन को शशिनाथ झा हत्याकांड मामले शुक्रवार को सज़ा सुना सकती है.

अदालत ने केंद्रीय कोयला मंत्री शिबू सोरेन को मंगलवार को दोषी ठहराया था जिसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

फ़ैसले के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में ले लिया गया. लेकिन शिबू सोरेन ने सीने में दर्द की शिकायत की.

उसके बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में भर्ती कराया गया था.

उन्हें गुरुवार को सज़ा सुनाई जानी थी लेकिन दिल्ली पुलिस ने अदालत को सूचित किया कि उनके अस्पताल में परीक्षण चल रहे हैं जिसके बाद अदालत ने इसे शुक्रवार तक के लिए टाल दिया.

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिबू सोरेन के अलावा चार अन्य लोगों को भी अदालत ने शशिनाथ झा हत्याकांड में दोषी क़रार दिया था.

इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने शिबू सोरेन के पूर्व निजी सचिव शशिनाथ झा को अगवा किया और फिर उनकी हत्या कर दी.

यह मामला 1993 में नरसिम्हा राव सरकार के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मत न डालने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के चार पूर्व सांसदों को कथित तौर पर घूस देने का था.

शशिनाथ झा को ये बात मालूम थी. माना जाता है कि इसी वजह से उनकी हत्या कर दी गई थी.