http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 29 नवंबर, 2006 को 11:19 GMT तक के समाचार

पेट्रोल और डीज़ल के दाम घटे

भारत में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में दो साल में पहली बार बड़ी कटौती करते हुए आम आदमी को कुछ राहत दी है.

जबकि केरोसिन तेल और रसोई गैस के दाम में कई बदलाव नहीं किया गया है.

पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने बताया कि पेट्रोल की कीमत दो रुपए और डीज़ल की कीमत एक रुपए कम हो जाएगी.

दोनों पेट्रो उत्पादों की कीमतें घटाने की घोषणा पेट्रोलियम मंत्री ने राज्यसभा में की. नई दरें बुधवार मध्य रात से लागू हो जाएंगी.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल के दाम कम होने के मद्देनज़र पेट्रोल की कीमत कम करने की घोषणा की है.

ग़ौरतलब है कि काँग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को पार्टी संसदीय दल की बैठक में सरकार से दोनों पेट्रो उत्पादों की कीमतें घटाने पर विचार करने को कहा था.

इसके बाद से ही तेल की क़ीमतों में कटौती तय मानी जा रही थी.

राज्य सभा में देवड़ा ने कहा, ''बुधवार रात से सार्वजनिक क्षेत्र की तेल मार्केटिंग कंपनियों के लिए खुदरा बिक्री मूल्य कम करने का फ़ैसला लिया गया है.''

इसके साथ ही अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के लिए 44रुपए 85 पैसे और एक लीटर डीज़ल के लिए 31रुपए 25 पैसे देने होंगे.

मुरली देवड़ा ने कहा, ''इस वर्ष जून में जब सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी की थी तभी आश्वासन दिया था कि वह अंतरराष्ट्रीय मूल्यों पर नज़र रखेगी और उसके अनुरूप फ़ैसला करेगी.''