http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 28 नवंबर, 2006 को 06:49 GMT तक के समाचार

झड़प में सेना के मेजर की मौत

भारत प्रशासित कश्मीर में अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार सुबह राजधानी श्रीनगर के पास हुई एक मुठभेड़ में एक प्रमुख चरमपंथी और भारतीय सेना के एक मेजर मारे गए हैं.

सेना के प्रवक्ता लेफ़्टेनेन्ट कर्नल एके माथुर का कहना है कि झड़प तब हुई जब सुरक्षाकर्मियों ने चरमपंथियों की तलाश में एक छापा मारा.

माथुर के अनुसार बिजबेहाड़ा नगर में चरमपंथियों के एक संदिग्ध अड्डे पर छापा मारा गया लेकिन इस दौरान दोनो पक्षों में गोलीबारी होने लगी.

उन्होंने मंगलवार को मारे गए संदिग्ध चरमपंथी को कश्मीरी चरमपंथी संगठन हिज़्बुल मुजाहिदीन का डिवियिनल कमांडर मोहम्मद अशरफ़ बताया.

सेना का दावा है कि मोहम्मद अशरफ़ उर्फ़ सुहेल पिछले 12 साल से सक्रिय थे.

लेकिन हिज़्बुल मुजाहिदीन की ओर से इस बारे में फ़िलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.