रविवार, 26 नवंबर, 2006 को 11:01 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के एक रेस्तराँ में हुए आत्मघाती बम हमले में 15 लोग मारे गए हैं और 25 अन्य घायल हो गए हैं. हमले में हताहत हुए लोगों में ज़्यादातर बच्चे हैं.
ये हमला पाकिस्तान सीमा से लगे अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिया प्रांत में हुआ.
अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिया प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अकरम ने रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया कि धमाके में मारे गए लोगों में ज़्यादातर आम नागरिक हैं. हमले में कई अधिकारी भी घायल हुए हैं.
तालेबान से जुड़े चरमपंथियों ने अफ़ग़ानिस्तान में हाल ही में कई धमाके किए हैं.
उन्होंने बताया कि इस हमले का निशाना प्रांत के एक वरिष्ठ अधिकारी और अफ़ग़ान स्पेशल फोर्स के एक कमांडर हो सकते थे जो उस रेस्तराँ में बैठकर नाश्ता कर रहे थे.
हमले तेज़
पिछले कुछ हफ़्तों में हुए हमलों में ये सबसे घातक है. इस साल आत्मघाती हमलों में काफ़ी तेजी आई है.
दूसरी ओर नैटो सेना ने अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत उरुज़गान प्रांत में हुई दो झड़पों में क़रीब 55 तालेबान लड़ाकों को मारने का दावा किया है.
सैन्य गठबंधन के एक प्रवक्ता ने कहा कि इन झड़पों में नैटो का एक सैनिक भी मारा गया.
गाँववालों ने बीबीसी को बताया कि हवाई हमलों में क़रीब 12 आम नागरिक भी मारे गए लेकिन नैटो ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है.