http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 25 नवंबर, 2006 को 15:10 GMT तक के समाचार

नेपाल में त्रिपक्षीय समझौते की उम्मीद

नेपाल में संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिनिधि यान मार्टिन ने उम्मीद जताई है कि सरकार, माओवादियों और संयुक्त राष्ट्र के बीच जल्द ही त्रिपक्षीय समझौता हो जाएगा.

मार्टिन ने कहा कि यह समझौता माओवादियों और उनके हथियारों के प्रबंधन की प्रक्रिया से संबंधित है.

इस से पहले यान मार्टिन ने त्रिपक्षीय बातचीत में हिस्सा लिया जिसमें माववादियों और उनके हथियारों के प्रबंधन के बारे में विचार विमर्श किया गया.

मार्टिन न्यूयार्क के लिए रवाना हो रहे हैं जहाँ वह बातचीत की प्रगति के बारे में संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान को जानकारी देंगे. संयुक्त राष्ट्र नेपाल को सहायता देने पर ग़ौर कर रहा है.

समझौता

नेपाल में माओवादी विद्रोहियों और नेपाल सरकार के साथ शांति समझौता हुआ है.

इस समझौते के तहत 30 हज़ार माओवादियों को देशभर के 28 सैनिक छावनियों में संयुक्त राष्ट्र की देखरेख में रखा जाएगा.

माओवादियों के बड़ी संख्या में बाल सैनिकों की बहाली करने के आरोपों पर मार्टिन ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के सैनिकों को किसी भी हाल में छावनियों में नहीं रखा जाएगा.

जल्द ही नेपाल सरकार एक संविधन सभा का गठन करने वाली है जो देश के लिए नया संविधान तैयार करेगी. पिछले एक दशक से जारी माओवादी हिंसा में तेरह हज़ार लोग मारे गए हैं.