http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 नवंबर, 2006 को 12:14 GMT तक के समाचार

अफ़गान हेरोईन का यूरोप में फैलाव

संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ीम की बढ़ती पैदावार के कारण यूरोप के शहरों में हेरोईन की भरमार होने का ख़तरा है.

संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ मामलों के प्रमुख अंटोनियो मारिया कास्टा ने यूरोप के मेयरों को लिखे एक पत्र में कहा है कि इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों की अधिक संख्या में मृत्यु होने की संभावना है.

कोस्टा ने यूरोप के मेयरों से इस संबंध में मादक पदार्थों को यहां की गलियों तक पहुंचने से पहले ही मुनासिब कार्रवाई करने की अपील की है.

अंटोनियो मारिया कास्टा ने कहा कि मुमकिन है कि निकट भविष्य में शुद्ध अफ़ीम की आपूर्ति बढ़ेगी जो काफ़ी ख़तरनाक मामला है.

यूरोप पारंपरिक तौर पर अफ़ग़ानिस्तान की अफ़ीम का सबसे बड़ा बाज़ार है. इस साल अफ़गानिस्तान में अफ़ीम की खेती में 59 प्रतिशत का इज़ाफ़ा हुआ है.

कोस्टा ने कहा ग़ैरक़ानूनी मादक पदार्थ युवकों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर ख़तरा है.

उन्होंने कहा, "यूरोप के राजनेताओं को इस बात की ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए कि उनके अपने घरों में क्या हो रहा है, बजाए इसके कि इस समस्या के समाधान के लिए किसी और से वह उम्मीद लगाएँ."