गुरुवार, 23 नवंबर, 2006 को 17:09 GMT तक के समाचार
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में पुलिस का कहना है कि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के निकट हुए एक बम विस्फोट में दो लोग मारे गये हैं.
इस घटना में कम से कम सात लोगों के घायल होने की ख़बर है.
पुलिस के अनुसार यह विस्फोट पार्किंग क्षेत्र के निकट हुआ जहाँ लोगों की काफ़ी भीड़ थी.
यह क्षेत्र सैनिकों के ट्रांज़िट कैंप से काफ़ी नज़दीक है जहाँ पर बड़ी संख्या में सैनिकों का आना जाना होता है.
अभी तक किसी ने इस घटना की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
हालांकि पुलिस को संदेह है कि इस घटना के पीछे चरमपंथी संगठन उल्फा का हाथ हो सकता है.
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार और उल्फा चरमपंथियों के बीच पिछले सितंबर में शांति वार्ता टूट जाने के बाद हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हुई है.
हाल ही में हुई हिंसक घटनाओं में कम से कम 20 लोग मारे गये हैं.