http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 22 नवंबर, 2006 को 20:59 GMT तक के समाचार

परमाणु संयंत्रों को ख़तरा बढ़ा: पाटिल

भारत के गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने कहा है कि भारत के परमाणु संयंत्र और तेल, गैस, रक्षा, संचार के साथ-साथ सूचना तकनीक के मूलभूत ढांचे को 'आतंकवादी' संगठनों से ख़तरा बढ़ गया है.

बुधवार को राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को संबोधित करते हुए पाटिल ने कहा कि भारत-अमरीका परमाणु समझौते के बाद भारत के 15 परमाणु ऊर्जा केंद्रों को ख़तरा बढ़ गया है.

भारत-अमरीका परमाणु समझौते को अमरीकी संसद के दोनो सदनों से मंज़ूरी मिलने के बाद अब ये लागू होने से पहले आख़िरी चरण में हैं.

सुरक्षा अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि परमाणु संयंत्र उन इस्लामी चरमपंथियों का निशाना बन सकते हैं जो अमरीकी विदेश नीति का विरोध करते हैं.

गृह मंत्री पाटिल का ये भी कहना था कि अब भारत के तेल और गैस क्षेत्र, रक्षा क्षेत्र, संचार और सूचना तकनीक के क्षेत्र का मूलभूत ढांचा भी चरमपंथियों के निशाने पर है.

उनका कहना था कि भारत के तटवर्ती इलाक़ों पर चरमपंथियों के हमलों का ख़तरा बढ़ गया है क्योंकि सूचना के अनुसार उन्होंने समुद्री और तटवर्ती रास्ते से भारत में घुसपैठ करने का फ़ैसला किया है.

पाटिल के अनुसार ऐसी जानकारी भी मिली है कि भारत के तटवर्ती क्षेत्र में स्थित तेल के कारखानों के बारे में सूचना एकत्र की जा रही है और कुछ वीरान पड़े हुए कुछ टापुओं से हमले करने की योजना बनाई गई है.